गुजरात: मोदी का कांग्रेस पर वार, जितना कीचड़ उछालोगे 'कमल' उतना खिलेगा

Monday, Nov 27, 2017 - 01:25 PM (IST)

भुज (गुजरात): कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि यह चुनाव विकास पर विश्वास और वंशवाद की राजनीतिक के मध्य हो रहे हैं और प्रदेश की जनता गुजरात के बेटे के खिलाफ झूठ फैलाने के कांग्रेस पार्टी के प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगी।  भाजपा के चुनाव चिन्‍ह कमल का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘क से कच्‍छ होता है और क से कमल होता है।’’  उन्‍होंने कहा, ‘‘मैं गुजरात की जनता का आशीर्वाद लेने आया हूं और यहां किसानों की मेहनत को सलाम करता हूं।’’  मोदी ने कहा कि साल 2001 के भूकंप में हमने यहां बहुत काम किया। जब 2001 में कच्‍छ में भूकंप आया, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने मुझे यहां काम करने को भेजा था जिसने मुझे काफी कुछ सिखाया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जितना कीचड़ उछाला, उसके लिए मैं अभारी हूं क्योंकि जितना आपने कीचड़ उछाला अब उतना ही ज्यादा कमल खिलेगा।

कांग्रेस फैला रही झूठ
कच्छ जिले के भुज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात में जहां एक ओर विकास में विश्वास है वहीं दूसरी ओर वंशवाद है। गुजरात की जनता ने कभी कांग्रेस को स्वीकार नहीं किया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए मोदी ने कहा कि वे गुजरात आते हैं, गुजरात के बेटे के बारे में झूठ फैलाते हैं और बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। उन्होंने (कांग्रेस ने) सरदार पटेल के बारे में भी ऐसा ही किया था। कोई भी गुजराती उनके झूठ को स्वीकार नहीं करेगा।

कांग्रेस से किए तीखे सवाल
कांग्रेस पार्टी पर प्रहार जारी रखते हुए प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि जब हमारे सैनिक 70 दिनों तक डोकलाम में आमने सामने खड़े थे तब आप चीनी राजदूत को गले क्यों लगा रहे थे। 
उन्होंने कहा कि जब मोस्ट वांटेड आतंकी हाफिज सईद को पाकिस्तान में छोड़ा गया, तब कांग्रेस वाले ताली बजा रहे थे। अब सईद की आजादी पर कांग्रेस मौन क्यों है।

 

 

 

मोदी आज कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। उनका बुधवार को सौराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात में भी चुनावी सभाएं करने का कार्यक्रम है। गुजरात में दो चरणों में 9 और 14 दिसंबर को मतदान होने है और मतगणना 18 दिसंबर को होगी। 

Advertising