PM मोदी बोले, महिलाएं जिता सकती हैं कर्नाटक चुनाव, आगे आकर संभाले कमान

Friday, May 04, 2018 - 11:26 AM (IST)

नई दिल्ली: ‘महिला विकास और महिलाओं के नेतृत्व में विकास’ का सरकार का संकल्प दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि जो मतदान केंद्र जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा। ऐसे में भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्त्ताओं को घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं को बताना और ‘कांग्रेस के झूठ’ का पर्दाफाश करना चाहिए। ‘नरेंद्र मोदी एप’ के माध्यम से कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्त्ताओं से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मेरा कार्यकर्त्ताओं से हमेशा यह आग्रह रहा है कि वह मतदान केंद्र जीतने पर जोर दें। राज्य में चुनाव जीतना है, वह हम जीतेंगे। अगर हम मतदान केंद्र जीतते हैं तो दुनिया की कोई ताकत हमें विधानसभा चुनाव में पराजित नहीं कर सकती है। जीत तो मतदान में निहित है।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे में महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।

मोदी के संबोधन के प्रमुख अंश

  • चुनाव के समय वह घर-घर जाएं और लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं। महिलाएं यह काम प्रभावी ढंग से कर सकती है।
  • महिलाओं की बातें प्रभावशाली होती हैं। वह बड़ी-बड़ी और ओजस्वी बातें नहीं करती हैं बल्कि सीधी बोलचाल की भाषा में बातों को समझाती हैं।
  • अगर परिवार में एक बार महिलाएं बातों को समझ जाएं तो पूरा परिवार सहमत हो जाता है।   
  • कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की सभी सदस्याएं उज्जवला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढाओ जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जागरूकता जुलूस निकालें।
  • देश आज महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
  • हमारी कैबिनेट में भी सक्षम महिलाओं को प्रमुख विभाग दिए गए हैं। हाल ही में चीन में हुई संघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में भारत की दो महिला मंत्रियों ने हिस्सा लिया। इसमें से एक सुषमा स्वराज और दूसरी निर्मला सीतारमण शामिल हैं और इनका कर्नाटक से जुड़ाव है।  
  • यह चुनाव विधानसभा अथवा सीट जीतने का नहीं, बल्कि मतदान केंद्र जीतने का है।
  • हमारी सरकार ने बैंक अकाउंट, मुद्रा योजना और सुकन्या योजना के तहत महिलाओं को सीधा लाभ पहुंचाया गया है।
  • महिला सशक्तिकरण, महिला स्वास्थ योजना, टीकाकरण कार्यक्रम, सुकन्या समृद्धि योजना, मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया ताकि महिलाएं और मजबूत हो सकें।
  • महिला शक्ति और सशक्तिकरण भाजपा और उनकी सरकार के कार्यक्रम का अभिन्न हिस्सा है।

Seema Sharma

Advertising