राहुल की '15 मिनट' की चुनौती पर PM मोदी का करारा जवाब, चलो आप बोलो तो सही

Tuesday, May 01, 2018 - 02:34 PM (IST)

बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति करने और देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह 15 मिनट तक कर्नाटक सरकार की उपलब्धियों को गिनाएं। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वह नामदार हैं और उन्हें कामदारों की मेहनत पर भरोसा नहीं है। वह वंशवाद की राजनीति से आकर नए-नए कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं इसलिए अध्यक्ष बनने के बाद अति उत्साह में मर्यादा तोड़ रहे हैं।

पीएम ने कहा कि राहुल आधी-अधूरी जानकारी के साथ मैदान में उतरते हैं। जिनको वंदे मातरम् की जानकारी नहीं वे कामगारों को क्या समझेंगे। मोदी ने दक्षिण कर्नाटक के चामराजनगर में विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कर्नाटक की जनता से कांग्रेस को हटाकर भाजपा को राज्य की सत्ता सौंपने का आह्वान किया और वादा किया कि भाजपा कर्नाटक में सभी को सुशासन देगी और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएगी।

मोदी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने और देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दिशा-निर्देश में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 2009 तक हर गांव को बिजली पहुंचाने का वादा किया था लेकिन यह काम पिछले 28 अप्रैल को उनकी सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने इसे कांग्रेस का गुमराह करने वाला वादा बताया और पूछा कि क्यों कांग्रेस सरकार ने यह काम पूरा नहीं किया। मोदी ने आज कर्नाटक में 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लिए आज से चुनावी शंखनाद किया।

Seema Sharma

Advertising