अयोध्या राम मंदिर फैसले से पहले PM मोदी की नसीहत, एकता का स्वर देश की बड़ी ताकत

Sunday, Oct 27, 2019 - 01:01 PM (IST)

नई दिल्लीः दिवाली पर देशवासियों से मन की बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2010 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के राम मंदिर मामले पर सुनाए फैसले का जिक्र किया और याद दिलाया कि जब फैसला आना था तो देश में कुछ बड़बोले लोगों ने क्या-क्या बोला था और कैसा माहौल बनाया गया था। ये सब 5-10 दिनों तक चलता रहा लेकिन, जैसे ही फैसला आया तो राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, सभी संप्रदायों के लोगों, साधु-संतों और सिविल सोसाइटी के लोगों ने बहुत संतुलित बयान दिया था। मोदी ने कहा कि उस समय सभी ने न्यायपालिका के गौरव का सम्मान किया। एकता का स्वर, देश को, कितनी बड़ी ताकत देता है उसका यह उदाहरण है। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सभी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देश दिवाली मनाते हैं और इस दौरान सिर्फ भारतीय समुदाय शामिल होता है, ऐसा नहीं है बल्कि अब कई देशों की सरकारें, वहां के नागरिक दिवाली को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। एक प्रकार से वहां ‘भारत’ खड़ा कर देते हैं।

सरदार पटेल मैन ऑफ डीटेल थे
मन की बात कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने प्रथम गृह मंत्री के रूप में रियासतों को एक करने का एक बहुत बड़ा भगीरथ और ऐतिहासिक काम किया। पटेल की बड़ी खासियत यह थी कि वह किसी भी बारीख से बारीख चीज को बड़ी गहराई से देखते और परखते थे। एक तरफ पटेल की नजर हैदराबाद, जूनागढ़ और अन्य राज्यों पर केंद्रित थी, तो वहीं दूसरी तरफ उनका ध्यान सुदूर दक्षिण में लक्षद्वीप पर भी था। मोदी ने कहा कि सही मायने में पटेल मैन ऑफ डीटेल थे। पीएम मोदी ने कहा कि 31 अक्तूबर को हर बार की तरह रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है जिसमें समाज के हर वर्ग और हर तबके के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी' इस बात का प्रतीक है कि यह देश एक है, एक दिशा में चल रहा है और एक लक्ष्य को प्राप्त करना चाहता है, एक लक्ष्य- एक भारत श्रेष्ठ भारत।

गुरु नानक देव ने सेवाभाव का संदेश पूरी दुनिया में पहुंचाया
श्री गुरु नानक देव जी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज और देश की सेवा की। गुरु नानक देव जी के इस सेवाभाव से कई सारे संत भी प्रभावित हुए। गुरुनानक देव ने अपना संदेश दुनिया में दूर-दूर तक पहुंचाया और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ मजबूती के साथ खड़े रहे।

एक सलाम नारी को
पीएम मोदी ने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों, पिछले ‘मन की बात' में हमने तय किया था कि इस दीपावली पर कुछ अलग करेंगे। मैंने कहा था कि आइए, हम सभी इस दीपावली पर भारत की नारी शक्ति और उनकी उपलब्धियों को मनाएं, यानी भारत की लक्ष्मी का सम्मान करें।

Seema Sharma

Advertising