मणिपुर में बोले PM मोदी- जो 15 साल में नहीं हुआ वो 15 महीनों में कर दिखाएंगे

Saturday, Feb 25, 2017 - 03:02 PM (IST)

इम्फाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार ऐसा कुछ भी नहीं करेगी जिससे पूर्वोत्तर राज्य के हितों को नुकसान पहुंचे। मोदी ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नागा समझौते में एक भी ऐसा शब्द नहीं है जो मणिपुर के हितों के खिलाफ हो। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री ओ.इबोबी सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस की राज्य सरकार ने पिछले 15 वर्षों में राज्य के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस ने मणिपुर की अनदेखी की और अब यह पार्टी एक भी दिन राज्य में शासन करने का अधिकार खो चुकी है। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के लिए मणिपुर की सेवा करने का मौका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दीजिये। हमारी सरकार ऐसा करके दिखायेगी जो कांग्रेस पिछले 15 वर्षों में नहीं कर सकी है। हम वह सब कुछ 15 महीनों में करके दिखाएंगे।

मणिपुर भाषा से की भाषण की शरूआत
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास पूरे भारत के लिए महत्वपूर्ण है और उनकी सरकार का ध्यान ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ पर है। मोदी ने रैली में भाषण की शरूआत मणिपुर भाषा से की। उन्होंने कहा यहां चारों तरफ भीड़ दिखाई दे रही है। उन्होने कहा कि जब 2014 में मैं चुनावी रैली में इम्फाल आया था तब इतनी भीड़ नहीं थी जितनी आज है। कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि मणिपुर को कांग्रेस ने बनाया खेल का मैदान। बच्चों को दूध तक नहीं मिल पा रहा है यह कैसी सरकार है। मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार आई तो मणिपुर में कोई भी रास्ता बंद नहीं होगा।

पीएम ने कहा कि 40 साल के बाद मैं ऐसा प्रधानमंत्री हूं जो पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए की जाने वाली बैठक में आया। पिछले 2 साल में हमारी सरकार के मंत्रियों का 90 बार दौरा पूर्वोत्तर में होता रहा है। अटल जी ने नॉर्थ ईस्ट के लिए अलग मंत्रालय बनाया था, अलग बजट दिया था, लेकिन बाद की सरकार ने इसकी परवाह ही नहीं की। मोदी ने कहा कि यहां सरकारी नौकरियों के रेट फिक्स हैं। हमने दिल्ली पुलिस में खास तौर पर मणिपुर के नौजवानों को रोजगार देने का काम किया। यहां पर भारत सरकार के पैसे मिलने के बाद भी योजनाएं लागू नहीं होती हैं।

रैली के विरोध में उग्रवादी संगठनों ने किया था नाकाबंद
राज्य के 6 उग्रवादी संगठनों की कोआर्डिनेटिंग कमेटी ने उनके दौरे के विरोध में सुबह 6 बजे से नाकाबंदी करने का ऐलान किया है। इसे ध्यान में रखते हुए मोदी की रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इन संगठनों ने कहा कि मोदी के इंफाल में रहने तक कफ्र्यू लागू रहेगा। इस बीच, पीएम के दौरे से पहले शुक्रवार को राज्य में 2 अलग जगहों से एक हैंडग्रेनेड तथ एक बम बरामद किया गया है।

 

 
 

Advertising