झारखंड स्थापना दिवस पर अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 10:16 AM (IST)
नई दिल्ली। झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को अद्वितीय साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और चेतना जगाई। उन्होंने अपनी संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान आंदोलन के माध्यम से क्रांति का बिगुल फूंका। उनकी जीवनगाथा आज भी राष्ट्रहित में संगठित रहने, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देती है।
अद्वितीय साहस व राष्ट्रभक्ति के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें नमन और समस्त देशवासियों को 'जनजातीय गौरव दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएँ। भगवान बिरसा मुंडा जी ने एक ओर जनजातीय समाज में स्वाभिमान और चेतना जगाई, वहीं स्वसंस्कृति व मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध 'उलगुलान आंदोलन' के माध्यम से क्रांति का बिगुल फूंका। उनकी जीवनगाथा आज भी राष्ट्रहित के लिए संगठित रहने तथा त्याग व समर्पण की प्रेरणा देती है।
— Amit Shah (@AmitShah) November 15, 2026
PM मोदी ने झारखंडवासियों को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने झारखंड की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक विरासत की सराहना की। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि झारखंड जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम है। यहां के घने वन, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल राज्य की विशिष्ट पहचान को समृद्ध करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाएं यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक झारखंड में अपार संभावनाएं हैं। उन्हें विश्वास है कि राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के संकल्प और सामर्थ्य से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कामना की कि स्थापना दिवस का यह विशेष अवसर राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
झारखंड के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! हमारा यह प्रदेश जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम है। यहां के घने वन, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल इसकी विशिष्ट पहचान को समृद्ध करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा जी की वीरता और बलिदान की गाथाओं से यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक इस राज्य में अपार संभावनाएं हैं। मुझे विश्वास है कि यहां के मेरे मेहनती और प्रतिभाशाली परिवारजनों के संकल्प और सामर्थ्य के बल पर यह प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर यहां के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2026
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि खनिज और ऊर्जा क्षेत्र से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्हें विश्वास है कि राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के संकल्प और सामर्थ्य से झारखंड प्रगति के नए मुकाम हासिल करेगा। उन्होंने स्थापना दिवस को राज्य के लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाने वाला अवसर बताया।
राजनाथ सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। यह देश के जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद की तथा जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती, 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। यह देश के जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मैं आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की भी हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) November 15, 2026
