सिंगर KK के निधन पर PM मोदी ने जताया शोक, बोले-उनकी असमय मृत्यु की खबर सुनकर दुखी हूं

punjabkesari.in Wednesday, Jun 01, 2022 - 09:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ का मंगलवार रात कोलकाता में निधन हो गया, उनकी मौत की खबर से फिल्म जगत के लोगों और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। तमाम हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। केके नाम से मशहूर कृष्णकुमार कुन्नथ 53 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। केके ने अपने करियर में कई हिट गीत दिए।

PunjabKesari

‘यारों', ‘तड़प तड़प के', ‘बस एक पल', ‘आंखों में तेरी', ‘कोई कहे', ‘इट्स द टाइम टू डिस्को' आदि केके के मशहूर गीतों में शुमार हैं। अधिकारियों ने बताया कि एक कॉलेज ने दक्षिण कोलकाता के ‘नजरुल मंच' में मंगलवार को एक समारोह का आयोजन किया था। वहां करीब एक घंटे तक प्रस्तुति देने के बाद जब केके अपने होटल लौटे, तो वह असहज महसूस कर रहे थे और अचानक बेहोश हो गए।

 

गायक को दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों को संदेह है कि उनकी मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। केके की पत्नी और बेटे बुधवार सुबह दिल्ली से कोलकाता पहुंचेंगे। केके की मौत की खबर से फिल्म जगत के लोगों और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। तमाम हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गायक के निधन पर शोक जताया है।

 

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ''मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ की असमय मृत्यु की खबर सुनकर दुखी हूं। उनके गीत कई भावनाओं को व्यक्त करते हैं, जिस कारण हर आयु वर्ग में काफी मशहूर थे। हम उन्हें हमेशा उनके गीतों के माध्यम से याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।'' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी केके को एक ‘‘प्रतिभाशाली और बहुमुखी'' गायक बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ उनका असामयिक निधन बहुत दुखद और भारतीय संगीत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। अपनी शानदार आवाज से उन्होंने अनगिनत संगीत प्रेमियों के मन पर एक अमिट छाप छोड़ी है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार एवं प्रशंसकों के साथ हैं।'' केके ने हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, मराठी और बांग्ला समेत कई भाषाओं के गीतों को अपनी आवाज दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News