फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, बोले- हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया

Saturday, Jun 19, 2021 - 06:13 AM (IST)

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के महान धावक मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि भारत ने ऐसा महान खिलाड़ी खो दिया जिनके जीवन से उदीयमान खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। मिल्खा सिंह का लगभग एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद शुक्रवार को चंडीगढ के पीजीआईएमईआर में निधन हो गया । वह 91 वर्ष के थे। 

मोदी ने ट्वीट किया ,‘‘ मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया जिनका असंख्य भारतीयों के ह्रदय में विशेष स्थान था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व से वे लाखों के चहेते थे। मैं उनके निधन से आहत हूं।'' उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ मैने कुछ दिन पहले ही मिल्खा सिंह जी से बात की थी । मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी बात होगी । उनके जीवन से कई उदीयमान खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं ।'' 

वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- भारत के महान धावक श्री मिल्खा सिंह जी, द फ्लाइंग सिख के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। उन्होंने विश्व एथलेटिक्स पर एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उन्हें हमेशा भारतीय खेलों के सबसे चमकीले सितारों में से एक के रूप में याद रखेगा। उनके परिवार और अनगिनत अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। 

खेलमंत्री किरन रिजूजू ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने अपना सितारा खो दिया है। मिल्खा सिंह जी हमें छोड़ गए हैं लेकिन वे हर भारतीय को भारत के लिए चमकने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं।

बता दें कुछ दिनों पहले ही मिल्खा सिंह की पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर ने भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया था। पद्मश्री मिल्खा सिंह 91 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनके बेटे गोल्फर जीव मिल्खा सिंह और तीन बेटियां हैं। उनके परिवार के एक प्रवक्ता ने बताया ,‘‘उन्होंने रात 11 . 30 पर आखिरी सांस ली।’’

 

 

 

Pardeep

Advertising