जापान के लिए रवाना हुए PM मोदी, शिंजो आबे के साथ विला में करेंगे डिनर

Saturday, Oct 27, 2018 - 04:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने समकक्ष शिंजो आबे के साथ वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को जापान रवाना हो गए। यह दो दिवसीय सम्मेलन 28 और 29 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जापान रवाना होने से पहले एक बयान में मोदी ने भारत और जापान को 'विजयी युग्म' बताया और कहा कि यह द्वीपिय देश आर्थिक और तकनीक  में आधुनिकीकरण के लिए भारत का सर्वाधिक मूल्यवान सहयोगी है।
   

पीएम ने कहा कि जापान के साथ हमारा विशेष सामरिक एवं वैश्विक साझेदारी है। जापान के साथ हमारे आर्थिक और सामरिक सहयोग में हाल के वर्षो में पूरी तरह से बदलाव आया है। आज हमारा सहयोग काफी गहरा और उद्देश्यपूर्ण है। भारत और जापान के बीच सहयोग भारत की एक्ट ईस्ट नीति और मुक्त, खुले व समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दोनों देशों की साझी प्रतिबद्धता के मजबूत स्तंभों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2014 में उनकी प्रधानमंत्री के रूप में पहली जापान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ यह 12वीं बैठक होगी। 


मोदी ने कहा कि हमारे बीच यह पूरक भाव ही भारत और जापान को विजयी युग्म बनाता है। जापान आज के समय में भारत के आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी आधुनिकीकरण में सबसे विश्वसनीय सहयोगी है। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री शिंजो आबे और दोनों देशों के कारोबारी नेताओं एवं उद्योगों के प्रमुखों से बातचीत करने का अवसर मिलेगा और वह भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।
      

पीएम ने बताया कि इन चर्चाओं से कारोबार, निवेश के साथ ही स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आपदा मोचन और आपदाओं का सामना करने योग्य संरचना जैसे नये क्षेत्र में सहयोग करने का अवसर मिलेगा। आबे ने अपने हॉलिडे होम भव्य यामानाशी भवन में 28 अक्टूबर को मोदी के सम्मान में निजी भोज का आयोजन किया है। संभवतया किसी विदेशी नेता की पहली बार ऐसी मेहमाननवाजी की जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर मोदी की रवानगी की जानकारी दी और प्रधानमंत्री के विमान में चढ़ने से पहले अभिवादन में हाथ हिलाते हुए फोटोग्राफ्स को साझा किया।       
 

vasudha

Advertising