75 के हुए देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी ने की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना

Thursday, Oct 01, 2020 - 10:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को 75वें जन्मदिन के मौके पर बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। नीतिगत मुद्दों पर उनकी गहरी अंतर्दृष्‍टि और ज्ञानपूर्ण समझ राष्ट्र के लिए पूंजी है। 

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए वह बहुत ही तत्पर रहते हैं। मैं उनकी लंबी उम्र और उत्तम सेहत की कामना करता हूं। वहीं उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

उपराष्ट्रपति के सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को जन्म दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जन सरोकारों को समर्पित आपके यशस्वी सार्वजनिक जीवन और अनुभवी नेतृत्व का लाभ राष्ट्र को प्राप्त हुआ है। राष्ट्र के लिए समर्पित आपके सुदीर्घ भावी जीवन में स्वास्थ्य, सुख और संतोष की कामना करता हूं।

बता दें कि कोविंद का जन्म 1945 को आज ही के दिन उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के गांव परौंख में हुआ था। देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले वह बिहार के राज्यपाल रह चुके हैं। कोविंद राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं। 

vasudha

Advertising