द्रौपदी मुर्मू की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई, यशवंत सिन्हा ने स्वीकारी हार

Thursday, Jul 21, 2022 - 08:45 PM (IST)

नेशनल डेस्कः द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। वह 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ ले सकती हैं। 21 जुलाई को आए नतीजों में द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से मात देते हुए 15वें राष्ट्रपति का चुनाव जीता है। उन्हें तीसरे राउंड में 1333 मतों में से 812 मत मिले हैं, जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट ही मिल सके है। तीनों राउंड की काउंटिंग में मुर्मू को 2161 (5,77,777) वोट मिले हैं, उनके प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को 1658 (2,61,062) मत मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपती मुर्मू को जीत की बधाई दी है।

पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाकर बधाई दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उनके साथ थे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने इतिहास रच दिया है। ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक दूरदराज के हिस्से में पैदा हुए आदिवासी समुदाय से आने वाली भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है! श्रीमती जी को बधाई इस उपलब्धि पर द्रौपदी मुर्मू जी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीत की बधाई देते हुए ट्वीट किया, राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वे गाँव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं।आज वे उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँची हैं।यह भारतीय लोकतंत्र की ताक़त का प्रमाण है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए कहा कि एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूँ। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ।

यशवंत सिन्हा ने स्वीकारी हार
इससे पहले विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने अपनी हार स्वीकार करते हुए द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति चुनाव 2022 में विजयी होने पर मैं श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई देता हूँ। देशवासियों को उम्मीद है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वो बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान की संरक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगी।

Yaspal

Advertising