पीएम मोदी ने सी जंगा रेड्डी के निधन पर शोक जताया, कहा- उन्होंने पूरा जीवन सार्वजनिक सेवा में खपा दिया

Saturday, Feb 05, 2022 - 02:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी. जंगा रेड्डी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह भाजपा को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों के अभिन्न हिस्सा थे। रेड्डी 86 वर्ष के थे। उनका निधन शनिवार सुबह हैदराबाद में हुआ। रेड्डी उन दो सांसदों में थे, जो भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर 1984 में संसद पहुंचे थे। जीत दर्ज करने वाले भाजपा के दूसरे सांसद ए के पटेल थे।

उन्होंने गुजरात के मेहसाणा से जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी हार का सामना करना पड़ा था। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘सी जंगा रेड्डी ने अपना पूरा जीवन सार्वजनिक सेवा में खपा दिया। जनसंघ और भाजपा को सफलता की नयी ऊंचाइयों पर लेने जाने के प्रयासों का वह अभिन्न हिस्सा थे। उन्होंने लोगों के दिलों-दिमाग में अपनी जगह बनाई। उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उनके निधन से दुखी हूं।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि जंगा रेड्डी भाजपा के विकास के बेहद नाजुक दौर में पार्टी की एक प्रभावी आवाज थे। उन्होंने जंगा रेड्डी के बेटे से फोन पर भी बात की और अपनी संवेदना प्रकट की। रेड्डी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में आंध्र प्रदेश के हनमकोंडा संसदीय सीट पर पी वी नरसिम्हा राव को पराजित किया था, जो बाद में देश के प्रधानमंत्री बने। रेड्डी आंध्र प्रदेश विधानसभा के भी सदस्य रहे।

rajesh kumar

Advertising