PM मोदी और भाजपा की बढ़ी मजबूती, सत्ता में हो सकती है वापसी!

Thursday, Jul 27, 2017 - 07:58 PM (IST)

नई दिल्ली: देश में उत्तर, पश्चिम और पूर्व में हर तरफ भाजपा का आधार मजबूत होने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2019 में सत्ता में वापसी करने की संभावना पहले से अधिक प्रबल होती दिखाई पड़ रही है। जदयू के नीतीश कुमार के बिहार में आज साथ आ जाने से भाजपा और उसके सहयोगी दलों का देश की लगभग 70 फीसदी से अधिक आबादी पर शासन हो गया और भगवा पार्टी की छाप तकरीबन देश के सभी हिस्सों तक पहुंच गई। भाजपा और उसके सहयोगियों की उन 12 राज्यों में से 7 में सरकार है जहां से 20 या इससे अधिक लोकसभा सदस्य चुने जाते हैं। एेसे 5 गैर भाजपा राज्यों में क्षेत्रीय दलों का वर्चस्व है। इसमें तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक और आेडिशा में बीजद का भगवा कैम्प की तरफ झुकाव रहा है। 

कांग्रेस का ग्राफ गया नीचे 
भाजपा के विस्तार के साथ ही पिछले कुछ वर्षों में कांग्रेस का ग्राफ नीचे गया है। अब देश की सबसे पुरानी पार्टी के पास सिर्फ कर्नाटक जैसा बड़ा राज्य बचा हुआ है जहां अगले साल चुनाव होना है और बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा कांग्रेस को बेदखल करने के लिए पूरी मेहनत कर रही है। कामरूप से कच्छ और कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैर पसारने के अपने मिशन पर आगे बढ़ते हुए भाजपा ने पिछले कुछ वर्षों में कई राज्यों की सत्ता हासिल की। अब नीतीश कुमार के साथ आने से भाजपा के मिशन को और भी बल मिला।

दक्षिण के राज्यों में बनाई अपनी पैठ  
अब पूरब की दिशा में पश्चिम बंगाल एक एेसा राज्य बचा है जो उसकी पहुंच से बाहर है। भाजपा ने दक्षिण के राज्यों में अपनी पैठ बनाई है। आंध्र प्रदेश में तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) के साथ वह सरकार में है। तेलंगाना और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दलों के साथ भी भाजपा के मित्रवत संबंध हैं। नीतीश के साथ आने से उत्साहित एक भाजपा नेता ने कहा कि 2019 में विपक्ष की आेर से कौन चेहरा होगा? अखिलेश यादव, मायावती, ममता बनर्जी, लालू प्रसाद? भ्रष्टाचार और सुशासन पर हमें इनमें से कोई नहीं घेर सकता। नीतीश का मामला अलग था। 

Advertising