PM मोदी ने BJP के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को किया संबोधित, किसान आंदोलन समेत कई मुद्दों पर चर्चा

Sunday, Feb 21, 2021 - 03:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की रविवार को यहां हुई एक महत्वपूर्ण बैठक का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश संगठन महासचिवों को संबोधित भी किया। भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में कई राज्यों में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई।

अरुण सिंह ने कहा कि बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान और कृषि कानूनों पर चर्चा की गई। साथ ही राज्य आधारित समूह की बैठकों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा और घोषणा की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठकों की रूपरेखा, राज्य की इकाइयों द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और चुनावी राज्यों की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।'' कोरोना महामारी के चलते जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए बैठक में शोक प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में भाजपा की सर्वोच्च निर्णायक इकाई संसदीय मंडल के सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सभी राज्यों के अध्यक्ष और राज्यों के संगठन महासचिव शामिल हुए।

यह बैठक ऐसे समय में आयोजित हुई जब देश के पांच राज्यों- पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। दूसरी तरफ पिछले तीन महीने से दिल्ली के साथ लगती सीमाओं पर नए कृषि कानून के खिलाफ किसानों का आंदोलन चल रहा है, ऐसे में बैठक में इस पर भी चर्चा हो सकती है। बता दें कि इससे पहले भाजपा के सभी कोषाध्यक्षों, महासचिवों और संगठन मंत्रियों की बैठक हुई। पीएम मोदी अगले दो हफ्तों में चुनावी प्रचार करेंगे। 27 फरवरी को केरल, 28 फरवरी को पश्चिम बंगाल, एक मार्च को तमिलनाडु और दो मार्च को असम का दौरा करेंगे।

Seema Sharma

Advertising