69 के हुए PM मोदी, शाह बोले-अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से आपने भारत को किया मजबूत

Tuesday, Sep 17, 2019 - 09:44 AM (IST)

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को उनके 69वें जन्मदिन के मौके पर शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए नायडू ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने आपके नेतृत्व में आपकी सरकार द्वारा किए गए परिवर्तनकारी सुधार की बदौलत वैश्विक मंच पर नया मुकाम हासिल किया है। आपको जन्मदिन की बधाई। आप स्वस्थ रहें।

शाह ने ट्वीट कर कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्णायक नेतृत्व और अथक परिश्रम के प्रतीक देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में उभरते नए भारत ने विश्व में एक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है। मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

नेताओं ने दी शुभकामनाएं

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद की। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।
  • झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी को जन्मदिन के शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आप दीर्घायु हों और सदैव देश की सेवा करते रहें, यही हर भारतीय की कामना है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि मैं उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।


उल्लेखनीय है कि मोदी ने पिछले साल अपने 68वें जन्मदिन पर अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में स्कूली बच्चों के साथ समय बिताया था और इसके बाद उन्होंने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रार्थना की थी।

Seema Sharma

Advertising