मोदी कैबिनेट में फेरबदल: पीयूष गोयल बने वित्त मंत्री, स्मृति ईरानी से छिना मंत्रालय

Tuesday, May 15, 2018 - 09:10 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रात केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बड़ा फेरबदल करते हुए स्मृति ईरानी को सूचना एवं प्रसारण मंत्री के पद से हटा दिया और इस मंत्रालय का प्रभार राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को सौंप दिया। इसके साथ ही, रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

स्मृति ईरानी का कार्यकाल विवादों से घिरा रहा। उनकी जगह राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को सूचना प्रसारण मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। राठौड़ इससे पहले सूचना प्रसारण राज्य मंत्री थे। उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।


कर्नाटक नतीजों से एक दिन पहले हुआ फेरबदल
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के एक दिन पहले केंद्रीय मंत्रिपरिषद में यह फेरबदल हुआ है। यह दूसरा मौका है जब स्मृति ईरानी से कोई प्रमुख मंत्रालय वापस लिया गया है। इसके पहले उनसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय वापस ले लिया गया था और उन्हें कपड़ा मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया था। वह कपड़ा मंत्री बनी रहेंगी।


अरूण जेटली के स्वस्थ होने तक वित्त और कारपोरेट मामलों का प्रभार अस्थायी रूप से गोयल को सौंपा गया है। जेटली की सोमवार को किडनी ट्रांसप्लांट हुई है और वह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। एसएस अहलूवालिया से पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री का प्रभार लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग का प्रभार सौंपा गया है। अल्फोंस कन्नथनम से इलेक्ट्रॉनिक और आईटी राज्य मंत्री का प्रभार ले लिया गया है। वह पर्यटन राज्य मंत्री बने रहेंगे। 


नायडू के इस्तीफे के बाद सौंपा गया था प्रभार
पिछले साल जुलाई में एम वेंकैया नायडू ने एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद ईरानी को मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया था। स्मृति ईरानी हाल में फेक न्यूज के संबंध में एक अधिसूचना सहित विभिन्न विवादों में घिर गयी थीं। मीडिया के विभिन्न हिस्से में इस आदेश की आलोचना हुई थी और इसे प्रेस की आजादी खत्म करने का प्रयास बताया गया था। बाद में प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर आदेश को वापस ले लिया गया था।

 

 

 

Yaspal

Advertising