पीएम मोदी ने सतनाम सिंह संधू को राज्यसभा सदस्य के लिए मनोनीत होने पर दी बधाई, कही ये बात

Tuesday, Jan 30, 2024 - 01:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सतनाम सिंह संधू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा सदस्य के लिए मनोनीत किया है। वहीं राष्ट्रपति के इस निर्णय को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सतनाम सिंह को शुभकामनाएं दीं। पीएम ने 'एक्स' पर लिखा, "मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ने सतनाम सिंह संधू को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सतनाम सिंह ने खुद को एक प्रसिद्ध शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में प्रतिष्ठित किया है। वो विभिन्न तरीकों से जमीनी स्तर पर लोगों की सेवा कर रहे हैं।"

पीएम ने कहा, ''सतनाम सिंह ने हमेशा राष्ट्रीय एकता को आगे बढ़ाया और प्रवासी भारतीयों के साथ भी काम किया है। मैं उनकी संसदीय यात्रा के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और मुझे विश्वास है कि राज्यसभा की कार्यवाही उनके विचारों से समृद्ध होगी।''

कौन हैं सतनाम सिंह संधू? 

सतनाम सिंह संधू चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कुलपत‍ि और जाने-माने श‍िक्षाविद हैं। उन्होंने वर्ष 2001 में मोहाली के लांडरां में चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़ (सीजीसी) की नींव रखी थी। इसके बाद साल 2012 में उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का गठन किया था। संधू का बचपन काफी संघर्ष भरा था लेकिन उनकी मेहनत और लगन के कारण आज उन्होंने जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल किया।

इतना ही नहीं सतनाम सिंह संधू लाखों छात्रों को शिक्षा प्राप्त करने हेतु वित्तीय सहायता भी प्रदान कर रहे हैं ताकि वे शिक्षा से वंचित न रहें। वह अपने दो एन.जी.ओ. 'इंडियन माइनॉरिटीज फाउंडेशन' और न्यू इंडिया डेवलपमेंट (एनआईडी) फाउंडेशन के ज़रिए स्वास्थ्य और कल्याण में सुधार तथा सांप्रदायिक सद्भाव को आगे बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर सामुदायिक प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। इतना ही नहीं उन्होंने विदेशों में प्रवासी भारतीयों के साथ भी बड़े पैमाने पर कार्य किया है।

Paras Sanotra

Advertising