शादी करो, फिर दे दो तलाक... ऐसा देश जहां पर्यटकों को कुछ दिन के लिए मिलती है पत्नी

punjabkesari.in Friday, Oct 04, 2024 - 03:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कल्पना करें आप एक अनजान देश में हैं और वहां के बारे में आपको कुछ भी पता नहीं है। ऐसे में आप एक गाइड की तलाश करेंगे। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कुछ देशों में पर्यटकों को पत्नी दी जाती है? इंडोनेशिया में एक ऐसा ही अनोखा प्रचलन है जिसे ‘प्लेजर मैरिज’ या आनंद विवाह कहा जाता है।

प्लेजर मैरिज का बढ़ता प्रचलन
दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में प्लेजर मैरिज का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, और खासकर इंडोनेशिया में यह एक बड़ी इंडस्ट्री बन चुकी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कई महिलाएं रोज़ी-रोटी कमाने के लिए इस प्रथा का हिस्सा बनती हैं, जिससे देश के टूरिज्म सेक्टर और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।

महिलाएं कैसे जुड़ती हैं इस प्रथा से?
इंडोनेशिया में प्लेजर मैरिज अब एक प्रोफेशन बन चुका है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाएं इस प्रथा का हिस्सा बनती हैं। कुछ महिलाओं के परिवार पैसे की लालच में उन पर प्लेजर मैरिज करने का दबाव डालते हैं, जबकि कुछ महिलाएं स्वेच्छा से इस पेशे को अपनाती हैं। यहां दलाल होते हैं जो पर्यटकों को उनकी पसंद के अनुसार महिलाओं से मिलवाते हैं और फिर दोनों की शादी करवा देते हैं।

एक महिला की दर्दनाक कहानी
प्लेजर मैरिज को इंडोनेशिया में पूरी तरह से बैन किया गया है, लेकिन इसके खिलाफ कोई सख्त कानून नहीं होने के कारण यह धड़ल्ले से जारी है। एक महिला ने अपनी आपबीती साझा की है, जिसका नाम कहाया (Cahaya) बताया गया है।

पहली प्लेजर मैरिज
कहाया का कहना है कि उसने 17 साल की उम्र में पहली बार प्लेजर मैरिज की। उसकी पहली शादी 13 साल की उम्र में उसके स्कूल के दोस्त से हुई थी, और उनके एक बेटी भी थी। लेकिन जब कहाया 17 साल की हुई, तो उसके दादा-दादी ने एक 50 वर्षीय सऊदी अरब के पर्यटक को उसके लिए चुना, जो कुछ समय के लिए दुल्हन की तलाश में था। इसके बदले में उसे 850 डॉलर (लगभग 70,000 रुपये) मिले।

अब तक की 15 शादियां
कहाया अब तक 15 से अधिक प्लेजर मैरिज कर चुकी है। हालांकि, उसकी कुछ शादियां बेहद कठिन भी रहीं। एक बार, एक सऊदी अरब के व्यक्ति ने उसे कुछ दिनों के लिए अपने साथ चलने के लिए कहा और 2000 डॉलर दहेज और हर महीने 500 डॉलर देने का वादा किया। लेकिन जब वह वहां पहुंची, तो उसकी हालत खराब हो गई। उस व्यक्ति ने उसके साथ बेहद खराब व्यवहार किया और उसे पैसे भी नहीं दिए। किसी तरह वह वहां से भागकर अपने देश वापस लौट आई।

इंडोनेशिया में प्लेजर मैरिज की ऐसी कई कहानियां अब आम हो गई हैं, जो इस प्रथा के खतरनाक पहलुओं को उजागर करती हैं। यह प्रथा न केवल महिलाओं के लिए एक बड़ा जोखिम है, बल्कि यह समाज में अन्याय और शोषण के मुद्दों को भी सामने लाती है।

 

 

 


 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News