ऑपरेशन कर गाय के पेट से निकाला इतना प्लास्टिक, देखकर दंग रह गए डॉक्टर

Tuesday, Oct 22, 2019 - 04:57 AM (IST)

नेशनल डेस्कः चेन्नई में पशु के डॉक्टरों ने एक गाय का ऑपरेशन किया। उसके पेट से निकले प्लास्टिक कचरे को देखकर डॉक्टर हैरान रह गए। यह सब तब हुआ, जब गाय अपने ही पेट पर लात मारती दिखी। दरअसल, तिरुमुल्लाइल की एक गाय को उसके मालिक द्वारा पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय चेन्नई में तब लाया गया, जब उसने देखा कि गाय अपने ही पेट पर लात मार रही है और उसके पेट में दर्द हो रहा है।

उसके पेट में इतना प्लास्टिक भरा हुआ था कि उसके दूध उत्पादन की क्षमता भी घट गई थी। इतना ही नहीं गाय को पेशाब और गोबर करने में परेशानी हो रही थी। गाय ने हाल ही में एक बछड़े को भी जन्म दिया था। अस्पताल में गाय का ऑपरेशन शुरू हुआ। यह ऑपरेशन सुबह 11 बजे से लेकर शाम साढ़े चार बजे तक चला। गाय के पेट से करीब 52 किलो प्लास्टिक निकाली गई।

चेन्नई स्थित वेटनरी एनिमल साइंस यूनिवर्सिटी में हुए ऑपरेशन में डॉक्टर्स के अलावा यहां के पोस्ट ग्रेजुएशन स्टूडेंट्स ने भी अपना योगदान दिया। डॉक्टरों ने बताया कि इस सर्जरी में सिर्फ 140 रुपए खर्च हुए हैं। यदि प्राइवेट अस्पताल में सर्जरी होती तो 35 हजार रुपए तक खर्च हो सकते थे। गाय अब खतरे से बाहर है। गाय के मालिक को उम्मीद है कि गाय जल्द ठीक हो जाएगी, उसे दवा दी जा रही है।

 

Yaspal

Advertising