पीके बनेंगे उत्तराखंड कांग्रेस के ‘च्यवनप्राश’

Sunday, Jan 08, 2017 - 07:50 PM (IST)

देहरादून : उत्तराखंड में 15 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले विभिन्न सर्वेक्षणों में पीछे चल रही कांग्रेस को अब चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर नामक ‘‘च्यवनप्राश’’ का सहारा रह गया है।

एक संवाददाता समेलन में इस बारे में सवाल करने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रशांत किशोर को ‘च्यवनप्राश’ बताते हुए कहा, ‘‘बढ़ती उम्र में एेसे टॉनिकों का सहारा लेना पड़ता है।’’  वहीं चुनावी रणनीति तय करने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की आेर से नियुक्त चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीच पहले ही एक बैठक हो चुकी है।

उपाध्याय ने संपर्क करने पर बताया कि किशोर के साथ समन्वय के लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदेश पार्टी सचिव विनोद चौहान को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और दोबारा सत्ता में आने के लिए पार्टी पूरी तरह जुटी हुई है।

विभिन्न समाचार पत्रों और समाचार चैनलों द्वारा कराए गए चुनावी सर्वेंक्षणों में कांग्रेस को पिछड़ते तथा मुख्य विपक्षी भाजपा को सरकार बनाने की स्थिति में दिखाए जाने से पार्टी नेता चिंतित हैं। प्रशांत किशोर की सेवाएं लेने को इस स्थिति को बदलने के प्रयास की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

उपाध्याय ने भी कहा कि पीके के साथ जुडऩे से पार्टी की चुनावी रणनीति को और धार मिलेगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि प्रशांत किशोर द्वारा इस संबंध में दी जा रही सेवाएं पूरी तरह से स्वैच्छिक हैं। 

Advertising