अमरनाथ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने पीएम मोदी, गवर्नर का किया धन्यवाद
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 07:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क : जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 1,211 महिलाओं सहित 5,794 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था सोमवार तड़के अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 60,000 श्रद्धालु गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। बाबा बर्फानी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
एक अन्य महिला श्रद्धालु ने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहतर प्रबंधन के कारण यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो रही है। उन्होंने इन व्यवस्थाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का आभार व्यक्त किया।
