श्रद्धालुओं से भरा पिकअप पलटा, 2 महिलाओं समेत 3 लोगों की मौके, 17 घायल

Wednesday, Apr 17, 2024 - 09:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कानपुर जिले के चकेरी क्षेत्र में बुधवार को श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई तथा 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि फतेहपुर जिले के रहने वाले कुछ लोग रामनवमी के अवसर पर कानपुर के किदवई नगर स्थित बारादेवी मंदिर जा रहे थे। रास्ते में चकेरी इलाके में उनका टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भोला प्रसाद (60), कमलेश उर्फ ​​गंगा देवी (45) और 50 वर्षीय एक अज्ञात महिला को मृत घोषित कर दिया। सिंह ने बताया कि इस घटना में 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

उनमें से छह को नाजुक हालत के चलते लाला लाजपत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है। घायलों में से 16 महिलाएं और लड़कियां हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार टेंपो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे वह पलट गया। सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं।

Parveen Kumar

Advertising