PGI में शुरू हुआ एशिया का पहला पैट स्कैन

Friday, Dec 02, 2016 - 10:49 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो) : पी.जी.आई. को एशिया के पहले अत्याधुनिक पैट स्कैन सिस्टम शुरू करने का गौरव मिला है। इसकी शुरुआत के बाद 20 से अधिक प्रकार के खतरनाक कैंसर के इलाज में मदद मिलेगी। न्यूक्लियर मैडीसिन विभाग में लगे उक्त स्कैन के लिए भारत सरकार के विज्ञान व तकनीकी विभाग की और से डेढ़ करोड़ की ग्रांट मिली है। 

 

न्यूक्लियर मैडीसिन विभाग के प्रमुख डॉक्टर बलजिंद्र सिंह ने बताया कि उक्त स्कैन की स्थापना सूचना व विज्ञान के ढांचे में सुधार के लिए मिलने वाले फंड्स से हुई है जोकि प्रतिष्ठित संस्थानों को ही मिल पाती है। उन्होंने बताया की पी.जी.आई. देश का ही नहीं बल्कि एशिया का पहला संस्थान है, जहां यह स्कैन सुविधा उपलब्ध हो सकी है जबकि विश्व में पी.जी.आई. उक्त सेवाएं देने वाला छठा संस्थान बन गया है।

 

प्रोफैसर बलजिंद्र सिंह ने बताया कि उक्त स्कैन को तीन माह पहले स्थापित किया गया था, जहां लंग्स कैंसर के 20 मरीजों पर इस स्कैन का प्रयोग किया गया जोकि काफी सफल रहा। उक्त प्रोजैक्ट पर एक स्टडी भी की गई, जिसमें 100 लंग कैंसर मरीजों को शामिल किया गया जिसका उद्देश्य उक्त स्कैन का क्लीनिकल परिणाम देखना था जिसे पी.एच.डी. कर रहे अंकित वत्स ने विषय के रूप में चुना। उक्त स्टडी प्रोफैसर बलजिंद्र सिंह व प्रोफैसर बी.आर. मित्तल की देखरेख में हुई जिसमें प्रोफैसर दिगम्बर बेहरा, सुनील अरोड़ा राकेश कपूर व डॉक्टर अमनजीत बल ने भी योगदान दिया जबकि डॉक्टर राजिंद्र व डॉक्टर हरमनदीप सिंह भी उक्त स्टडी का हिस्सा थे। डॉक्टरों के अनुसार कैंसर ग्रस्त मरीजों के इलाज में उक्त स्कैन रामबाण साबित होगा ।                        
 

Advertising