बैलगाड़ी दौड़ को मंजूरी मिलने को चुनौती देगी पेटा

Friday, Apr 07, 2017 - 05:11 PM (IST)

मुंबई : पशु अधिकार संगठन पेटा ने आज कहा कि बैलगाड़ी दौड़ को फिर से शुरू करने संबंधी महाराष्ट्र सरकार के कानून को वह चुनौती देने की योजना बना रही है। महाराष्ट्र विधानसभा ने राज्य में बैलगाड़ी दौड़ फिर से शुरू करने संबंधी एक प्रस्ताव शुक्रवार को पारित किया।

गौरतलब है कि हाल ही में तमिलनाडु ने एेसा ही प्रस्ताव पारित कर राज्य में सांड़ों को काबू में करने का खेल जल्लीकट्टु आयोजित करने की अनुमति दी थी। पशु क्रूरता निषेध महाराष्ट्र संशोधन) विधेयक में बैलगाड़ी दौड़ को कानूनी बताया गया है। महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में बैलगाड़ी दौड़ बहुत लोकप्रिय है। इसे वर्ष 2014 में बैलों को तकलीफ पहुंचाने के आधार पर प्रतिबंधित कर दिया गया था।

भारत में पेटा के पशुपालन मामलों के निदेशक डॉक्टर मनिलाल वल्लियाते ने कहा, ‘‘दौड़ के दौरान बैलों को अकसर कांटेदार छड़ी से मारा जाता है, उनकी नकेलें खींचीं जाती है, उनकी पूंछ उमेठी जाती है, वह टूट भी जाती है। उन्हें क्षमता से ज्यादा तेज दौड़ाया जाता है, जिसके कारण वे बेहोश भी हो जाते हैं।’’ उनका कहना है कि संगठन इस फैसले को चुनौती देने की योजना बना रही है। 

Advertising