साथ में खाना-काम पर जाना, आरिफ और सारस की गहरी दोस्ती देख लोग भी हैरान...बना पल-पल का हमसफर

Friday, Feb 24, 2023 - 01:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जानवरों और मनुष्यों के बीच दोस्ती के किस्से तो आपने बहुत सुने होंगे लेकिन एक सारस और युवक की दोस्ती के चर्चे इन दिनों काफी हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अमेठी में गौरीगंज तहसील के जामो ब्लाक के मुंडका गांव में पक्षी और युवक की दोस्ती इतनी गहरी है कि दोनों खाना भी साथ खाते हैं और अगर युवक कहीं जाता है तो पक्षी उसके पीछे-पीछे जाता है। करीब 7 महीने पहले आरिफ ने घायल सारस को बचाया था, जिसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। अब सारस आरिफ के घर ही रहता है। 

 

अगस्त 2022 में मुंडका गांव के रहने वाले किसान आरिफ अपने खेतों में काम कर रहे थे, तभी वहां पर उन्होंने एक सारस पक्षी देखा जिसका पैर टूटा हुआ था। आरिफ उसे उठा कर अपने घर ले आया। आरिफ ने पक्षी की मरहम पट्टी की और इलाज करके उसे ठीक किया। सारस कुछ ही दिनों में ठीक हो गया। आरिफ और उसके घरवालों को लगा कि अब यह ठीक हो गया है और खुद ही उड़ जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सारस का आरिफ के साथ इतना लगाव हो गया कि वह अब उनके घर ही रहने लगा। सारस अब इस परिवार का एक अभिन्न हिस्सा है।

 

साये की तरह रहता है आरिफ के साथ

आरिफ जहां भी जाता है, सारस उसके साथ-साथ जाता है। वह उसके साथ ही खाना खाता है और साथ ही रहता है। इतना ही नहीं जब आरिफ बाजार जाता है तो सारस उसकी बाइक के पीछे-पीछे उड़ता रहता है। आरिफ के साथ ही सारस उनके माता-पिता पत्नी और बच्चों से भी घुला मिला हुआ है। आरिफ ने कहा कि उसका सारस के साथ रिश्ता इतना गहरा हो गया है कि वह मेरा हमसफर और सच्चा दोस्त बन गया है।

Seema Sharma

Advertising