अमित शाह पर बंसल के दो टूक, बोले-नहीं जानते कानून

Monday, Nov 21, 2016 - 06:42 PM (IST)

चंडीगढ़, (आशीष): पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें कानून की समझ नहीं है। सैक्टर-35 स्थित राजीव भवन में शाह द्वारा उन पर लगाए गए रेलवे घोटाले के आरोप के संबंध में बंसल ने कहा कि उन्हें उस केस में क्लीन चिट मिल चुकी है। केवल सरकारी गवाह के तौर पर ही नाम शामिल है। इससे साफ जाहिर होता है कि अमित शाह को कानूनी समझ नहीं है। 

नोटबंदी ने लोगों को धक्के खाने पर मजबूर किया :
उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह पर मर्डर का केस है। स्थानीय भाजपा अध्यक्ष के परिवार पर पंजाब की पूर्व सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। भाजपा रैली में इन नेताओं ने सभी मर्यादाएं लांघ दी। प्रधानमंत्री के एक फैसले से 14 लाख करोड़ रुपए से अधिक नोटों को बदल दिया गया। आज लोग लाइनों में लगाकर धक्के खा रहे हैं, उसकी परवाह केन्द्र को नहीं है। बंसल ने कहा कि मोदी और शाह कटाक्ष करते फिर रहे हैं कि ईमानदार लोग चैन की नींद सो रहे हैं और बेइमानों की नींद हराम हो गई है लेकिन उन्हें यह दिखाई नहीं दिया कि कर्नाटक के एक बड़े भाजपा नेता के यहां भव्य शादी समारोह हुआ, जिसमें करोड़ों खर्चे गए। नोटबंदी का असर इस बड़े नेता पर क्यों नहीं हुआ। 

Advertising