पटनायक 2024 के चुनाव से पहले सहानुभूति हासिल करने की कोशिश में : भाजपा

Friday, Dec 09, 2022 - 08:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जयनारायण मिश्रा ने उनकी पार्टी को ‘महिला विरोधी' बताने वाले बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक के बयान को शुक्रवार को खारिज किया और कहा कि मुख्यमंत्री का बयान तथ्यों पर आधारित नहीं है बल्कि यह 2024 के आम चुनावों से पहले महिलाओं की हमदर्दी हासिल करने की कोशिश है।

पटनायक ने पदमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजद उम्मीदवार बर्षा सिंह बरिहा की बृहस्पतिवार को जीत के बाद एक वीडियो संदेश में प्रदेश भाजपा नेतृत्व पर हाल में अपने पिता को खोने वाली शोकसंतप्त महिला के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैं भाजपा द्वारा बर्षा के प्रति दिखाए गए अनादर से आहत हूं।" बरिहा ने भाजपा के प्रदीप पुरोहित को 42,679 मतों से हराया दिया था। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता मिश्रा ने एक बयान में दावा किया कि पटनायक की सहानुभूति पाने के लिए नई कहानियां गढ़ने की पुरानी आदत है।

उन्होंने कहा, “अगर मुख्यमंत्री का यह दावा सच होता कि भाजपा महिला विरोधी है, तो आज नरेंद्र मोदी खुद को देश के प्रधान सेवक के रूप में स्थापित नहीं कर पाते। भाजपा धामनगर उपचुनाव जीत नहीं पाती और पदमपुर में 78,000 से अधिक मत हासिल नहीं कर पाती।” विपक्ष के नेता ने कुछ घटनाओं पर मुख्यमंत्री और उनकी टीम का उपहास भी उड़ाया, जिनमें कुछ महिलाओं को प्रताड़ित करने का आरोप बीजद नेताओं और मंत्रियों पर है।

Parveen Kumar

Advertising