तरुण विजय की नस्लवादी टिप्पणी को लेकर संसद में हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Monday, Apr 10, 2017 - 12:15 PM (IST)

नई दिल्ली: संसद में आज भाजपा सांसद तरुण विजय की विवादित टिप्पणी का मसला गूंजा और दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के सदस्यों ने लोकसभा में हंगामा किया। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने इस सिलसिले में राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया था, सीबीआई के दुरुपयोग का मामला भी उठाया गया। हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। पिछले दिनों एक विदेशी न्यूज चैनल के शो के दौरान तरुण विजय ने भारत में अफ्रीकी नागरिकों पर हो रहे हमलों के सिलसिले में कथित तौर पर नस्लवादी टिप्पणी की थी। तरुण का कहना था कि अगर हम नस्लवादी होते तो तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों के लोगों के साथ नहीं रहते।

तरुण मांग चुके हैं माफी
इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया के साथ सियासी गलियारों में भी कड़ी प्रतिक्रिया हुई थी। हालांकि सांसद ने इस पर माफी भी मांगी। इसके अलावा आज राज्यसभा में आधार कार्ड में जानकारी की सुरक्षा का मुद्दा भी उठने की उम्मीद है। पिछले दिनों आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी लीक होने के कई मामले सामने आए हैं। इसके बावजूद सरकार अपनी कई योजनाओं के अलावा हवाई टिकट जैसी सेवाओं के लिए भी आधार कार्ड को जरूरी बनाने की तैयारी में है।

Advertising