पलामू में तेज रफ्तार का कहर: घर में घुसी बेकाबू कार, आंगन में सो रहे ग्रामीण को रौंदा, मौके पर मौत

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 03:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क। झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां देर रात एक सरकारी डॉक्टर की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर के आंगन में जा घुसी। इस हादसे में आंगन में सो रहे एक गरीब ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी चला रहे डॉक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार अपनी कार (जेएच 03 एसी 8251) से पाटन से मेदनीनगर आ रहे थे। इसी क्रम में सिक्की गांव के पास टर्निंग पर अचानक उनका नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर पास के घर में घुस गई और आंगन में सोए विनोद सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। 

घटना के बाद मौके पर घर के लोग और आसपास के ग्रामीण जुटे। विनोद सिंह को जबतक इलाज के लिए ले जाया जाता उससे पहले ही उनकी मौत हो गई थी, जबकि डॉक्टर को गंभीर स्थिति में कार से बाहर निकाल कर इलाज के लिए भेजा गया। विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। 

थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी ने आज सुबह घटना की पुष्टि की। बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी की कार से घटना हुई है। एक ग्रामीण की मौत हो गई है। डॉक्टर को चोट आई है। इलाज के लिए ले जाया गया है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है और डेड बॉडी को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News