LoC पर फायरिंगः पाकिस्तान ने भारतीय उप-उच्चायुक्त को भेजा सम्मन

Wednesday, Jul 19, 2017 - 04:55 PM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने भारतीय सैनिकों द्वारा नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के कथित उल्लंघनों में 2 नागरिकों के मारे जाने और 6 अन्य के घायल होने के बाद आज भारत के उप उच्चायुक्त जे पी सिंह को तलब किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने कल बरोह और तंदार सेक्टरों में गोलीबारी की। महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और भारतीय बलों द्वारा 'बिना उकसावे के किए गए संघर्ष विराम उल्लंघनों की निंदा की।'  

'नागरिकों को निशाना बनाना खेदजनक'
फैसल ने कहा, 'नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाना वास्तव में खेदजनक है और मानव गरिमा एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकारों तथा मानवीय कानूनों के विपरीत है।'  उन्होंने भारत से 2003 के संघर्ष विराम व्यवस्था का सम्मान करने और नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं की जांच करने की अपील की। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारतीय सैनिकों की गोलीबारी में और नागरिकों के मारे जाने का दावा करते हुए इससे पहले इसी मुद्दे को लेकर गत आठ एवं नौ जुलाई को भारतीय दूत को तलब किया था। 

Advertising