चमत्कार: हिमस्खलन के कारण बर्फ के नीचे दबी 12 साल की लड़की, 18 घंटे बाद भी निकली जिंदा

Thursday, Jan 16, 2020 - 04:29 PM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की नीलम घाटी में हिमस्खलन के कारण फंसी 12 वर्षीय बच्ची को करीब 18 घंटे बाद चमत्कारिक ढंग से जीवित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि समीना बीबी घाटी में अपने तीन मंजिला घर में थी तभी मंगलवार को उसका घर हिमस्खलन की चपेट में आ गया। 
 

समीना के पैर की हड्डी टूट गई 
जियो न्यूज ने बताया कि उसे आपदा प्रबंधन प्राधिकारियों ने बचाव अभियान के दौरान बुधवार को जीवित निकाला। समीना के पैर की हड्डी टूट गई है। जब उसे बचाया गया, उस समय उसके मुंह से खून निकल रहा था। उसे बाद में मुजफ्फराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि समीना खतरे से बाहर है। समीना की मां शहनाज ने बताया कि इस त्रासदी में उसके एक बेटे और बेटी की मौत हो गई। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में आए हिमस्खलनों और बर्फबारी संबंधी अन्य घटनाओं में 114 लोग मारे जा चुके हैं।

Anil dev

Advertising