राजनायिक विवाद सुलझने तक भारत नहीं आएंगे पाकिस्तान उच्चायुक्त सोहेल महमूद

Saturday, Mar 17, 2018 - 05:37 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर चल रही तनातनी अब दूतावास दफ्तर तक पहुंच गई है। पाक विदेश विभाग के अधिकारी ने बताया कि अब पाकिस्तान हाई कमिश्नर सोहेल महमूद की दिल्ली वापसी की संभावना कम ही है।

दरअसल, भारत और पाकिस्तान के तल्ख रिश्तों की वजह से पाक ने अपने राजनायिक सोहेल महमूद को बातचीत करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद बुला लिया है। पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया है कि भारत पाक उच्चायोग में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को परेशान कर रहा है। पाकिस्तान ने इसके कुछ वीडियो भी जारी किये हैं।

मामला सुलझने के बाद ही आएंगे भारत
पाकिस्तान विदेश कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि जब तक भारत और पाकिस्तान के बीच मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक महमूद को दिल्ली वापस नहीं भेजा जाएगा। सोहेल महमूद एक निश्चित समय के लिए संबंधित प्राधिकरणों से वार्ता करके ही भारत वापस आएंगे।

वहीं भारत ने पाकिस्तान के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह स्थापित राजनयिकों के जरिए इन आरोपों का जवाब देगा। वहीं भारत ने भी पाकिस्तान पर इस्लामाबाद में अपने उच्चायोग में कार्यरत कर्मचारियों के शोषण के आरोप लगाए हैं।

Punjab Kesari

Advertising