PAK ने किरनी, शाहपुर और कस्बा सेक्टर में सीजफायर तोड़ दागे गोले, दो नागरिक घायल

Tuesday, Feb 25, 2020 - 01:31 PM (IST)

जम्मू: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के निकट अग्रिम चौकियों और नागरिक क्षेत्रों में मंगलवार को पाकिस्तान द्वारा गोलाबारी करने से दो नागरिक घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया गोलीबारी और गोलाबारी से सीमावर्ती इलाकों में भय फैल गया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर किरनी, कस्बा और शाहपुरा इलाकों में मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि दो नागरिक छर्रे लगने से घायल हो गये। पिछले शुक्रवार को पुंछ के शाहपुर, डोकरी और कसाबा क्षेत्रों में पाकिस्तानी गोलाबारी में कम से कम सात रिहायशी इमारतें छतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। 



गौरतलब है कि इससे पहले पाक सेना ने सोमवार शाम तकरीबन 4 बजे संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शाहपुर कस्बा सैक्टर में गोले बरसाए थे। जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। लगभग 2 घंटे बाद पाक सेना ने अलग जगह पर मोर्चा खोलते हुए गुलपुर सैक्टर में भी ताबड़तोड़ गोलाबारी शुरू कर दी, जिसके कारण क्षेत्र में दहशत एवं तनाव का माहौल बन गया था। गनीमत रही कि पाक गोलाबारी से भारतीय क्षेत्र में कोई नुक्सान नहीं हुआ।



वहीं इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने शनिवार शाम को तंगधार और केरन सेक्टर की अग्रिम चौकियों को निशाना बना कर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लघंन किया था। अपराह्न चार बजे से रात साढ़े ग्यारह बजे तक हुई गोलीबारी का भारतीय सेना माकूल जवाब दिया था। सैन्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया था कि पाकिस्तान की तरफ से यह गोलीबारी आतंकवादियों को भारत की सीमा में घुसाने के उद्देश्य से की गई लेकिन पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से आतंकवादियों की किसी भी हरकत का जवाब देने के लिए सुरक्षा बल सतकर् है। उन्होंने बताया कि सीमा पार इस समय बड़ी संख्या में प्रशिक्षित आतंकवादी भारत की सीमा में घुसने की फिराक में है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने आतंकवादियों की इन गतिविधियों को लेकर बुधवार को कहा था कि पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में कोई कमी नहीं आई है और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसपैठ की फिराक में हैं।  

 

कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना ने वीरवार को पाकिस्तानी सेना को सीजफायर उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दिया था। भारतीय सेना द्घारी की गई जवाबी कार्रवाई में पांच पाक सैनिक ढेर और 7 अन्यों की घायल होने की खबर थी। इसके साथ ही पाक चौकियों को भारी नुक्सान पहुंचाया। लेकिन पाक सेना ने अपने तीन सैनिकों की मौत की पुष्टि की थी। 

rajesh kumar

Advertising