पद्म पुरस्कार: जेटली और प्रकाश जावड़ेकर द्वारा सुझाए सभी सिफारिशी नाम रद्द

Monday, Mar 19, 2018 - 08:18 AM (IST)

नई दिल्ली: 8 राज्य सरकारों, 7 राज्यपालों और 14 केन्द्रीय मंत्रियों ने पद्म पुरस्कारों के लिए जिन लोगों के नाम की सिफारिश की थी उनमें से किसी को भी इस साल दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों की सूची में स्थान नहीं मिला है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि अंतिम सूची में स्थान हासिल करने वाले अधिकांश व्यक्तियों का चयन 10 सदस्यीय चयन समिति द्वारा किया गया। चयन समिति ने ऐसे ‘गुमनाम नायकों’ को चुना जिन्होंने अपना सारा जीवन गरीब लोगों के लिए काम करने में बिता दिया। तमिलनाडु ने पद्म पुरस्कारों के लिए 6, हरियाणा ने 5,  जम्मू-कश्मीर ने 9, कर्नाटक ने 44, उत्तराखंड ने 15, बिहार ने 4, राजस्थान ने 4 और दिल्ली ने कुल 7 नामों की सिफारिश की थी।

इसी प्रकार 7 केन्द्रीय मंत्रियों अरुण जेतली की एक संस्तुति, मेनका गांधी की ओर से 4 संस्तुतियां, प्रकाश जावड़ेकर की 6,  रामविलास पासवान की 4, सुरेश प्रभु की 12, थावर चंद गहलोत के 16 नामों की संस्तुतियों को भी इस साल के पद्म पुरस्कारों की सूची में समाहित नहीं किया गया। केवल जनजातीय मामलों के मंत्री जुआल ओराम की कुल 10 संस्तुतियों में से एक नाम की सिफारिश को चयन समिति ने पद्म पुरस्कार के लिए स्वीकार किया।

Punjab Kesari

Advertising