''चीन की युद्ध तैयारियों के मद्देनजर हमारी सुरक्षा बंदोबस्त अपर्याप्त''

Wednesday, Mar 21, 2018 - 07:19 PM (IST)

नई दिल्ली: संसद की प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने चीन की युद्ध तैयारियों और विस्तार के मद्देनजर आंतरिक सुरक्षा बंदोबस्त को अपर्याप्त बताते हुए बुधवार को इस मोर्चे पर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत बताई।

जोशी ने ‘केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों’ पर प्राक्कलन समिति की लोकसभा में पेश 28वीं रिपोर्ट के बारे में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चीन की युद्ध तैयारियों को देखते हुए आंतरिक सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए विशिष्ट कार्यक्रम बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पड़ोसी देश की सीमा से लगते इलाकों में और ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को पूरी तरह पुख्ता बनाया जाना चाहिए। जोशी ने चीन समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों को स्थानीय भाषा के ज्ञान की जरूरत बताते हुए कहा कि या तो उनके लिए दुभाषिए की व्यवस्था होनी चाहिए या कुछ जवानों का इसका ज्ञान कराया जाना चाहिए। 

Punjab Kesari

Advertising