बजट सत्र में संग्राम: LPG किल्लत को लेकर विपक्ष का भारी हंगामा, दोपहर 12 बजे तक लोकसभा स्थगित
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 11:49 AM (IST)
नेशनल डेस्क: संसद के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को निचले सदन में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। पश्चिम एशिया संकट के कारण देश में गहराए कमर्शियल एलपीजी (LPG) संकट के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
स्पीकर ओम बिरला की अपील बेअसर
अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद सदन में लौटे स्पीकर ओम बिरला का स्वागत विपक्ष के भारी विरोध और नारों के साथ हुआ। बिरला ने 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "प्रश्नकाल संसदीय कार्यवाही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से आप सरकार को जवाबदेह ठहरा सकते हैं। क्या आप नहीं चाहते कि सदन चले?" हालांकि, विपक्ष ने उनकी एक न सुनी।
पश्चिम एशिया संकट और भारत में गैस की किल्लत
विपक्ष का मुख्य विरोध देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की भारी कमी को लेकर है। दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और ईरान द्वारा 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' (Strait of Hormuz) में जहाजों की आवाजाही बाधित करने से वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई है।
इसका असर भारत के कई हिस्सों में दिखने लगा है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गैस की कमी के कारण रेस्तरां संचालकों को मजबूरी में इंडक्शन कुकिंग (Induction cooking) का सहारा लेना पड़ रहा है।
सदन के बाहर और भीतर विरोध प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने संसद परिसर में भी प्रदर्शन किया। वहीं, सदन में बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी माहौल गरमाया रहा। हंगामे के बीच बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने विपक्षी प्रस्ताव को ध्वनि मत से खारिज घोषित कर दिया, क्योंकि विपक्षी सदस्य अपनी सीटों पर लौटने को तैयार नहीं थे।
