ओपिनियन पोल- बीजेपी को मिल रही है 115 से 125 सीट

Wednesday, Oct 25, 2017 - 12:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात व हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों को लेकर ओपिनियन पोल्स का सिलसिला शुरू हो गया है। इंडिया टुडे ग्रुप और एक्सिस माई इंडिया के द्वारा 25 सितम्बर से 15 अक्तूबर के बीच कराये गए एक सर्वे के अनुसार दोनों राज्यों में भाजपा को साफ बहुमत मिलता नजर आ रहा है। ओपिनियन पोल में 18243 लोगों के सैंपल लिए गए। 

 

सर्वे के नतीजे मंगलवार को आज तक पर प्रसारित किए गए। इसमें दिखाया गया है कि भाजपा के लिए 22 साल से शासित इस राज्य में इस बार भी उसे कोई मुश्किल होती नजर नहीं आ रही है। 182 सीट वाली गुजरात विधानसभा में भाजपा को 115 से 125 के बीच सीटें मिल रही हैं। कांग्रेस को अधिकतम 65 सीटें मिल सकती हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस समय सबके आकर्षण का केंद्र बने हुए पाटीदार समाज के युवा नेता हार्दिक पटेल की समॢथत पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल रही है। हालांकि अगर हार्दिक कांग्रेस का समर्थन करते हैं तो उसकी कुछ सीटें बढ़ सकती हैं। गुजरात में भाजपा को 48, कांग्रेस को 38 व हार्दिक समर्थित पार्टी को 2 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। अन्य को 12 प्रतिशत वोट जा सकते हैं। सीएम के लिए वर्तमान मुख्यमंत्री विजय रुपानी को सबसे ज्यादा 34 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल को 19 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया। 11 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस के ही भरत सिंह सोलंकी को अपनी पसंद बताया। जबकि 10 प्रतिशत लोगों ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सीएम पद की पसंद बताया। यहां के लोगों के लिए महंगाई ही सबसे बड़ा मुद्दा है। बुलेट ट्रेन के प्रोजेक्ट के प्रति भी 58 फीसदी लोगों ने अपना समर्थन दिया है। 

गौरतलब है कि गुजरात चुनाव की तिथियों का अभी ऐलान नहीं किया गया है।  इसके अलावा कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा वापसी करती नजर आ रही है। यहां 68 सीटों में से भाजपा 47 तक सीटें जीत सकती है। यहां बहुमत के लिए 35 सीटों की ही दरकार है। कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा 25 सीटें जीत सकती है। सर्वे में बताया गया है कि हिमाचल के तीनों प्रमुख क्षेत्रों कांगड़ा, मंडी व शिमला में भाजपा बढ़त बनाती नजर आ रही है। हालांकि 31 प्रतिशत लोगों ने अभी भी वर्तमान कांग्रेस सरकार के सीएम वीरभद्र सिंह को ही पहली पसंद बताया। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा को 24 प्रतिशत लोगों ने सीएम पद के लिए पसंद किया। 16 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री बनें।  हिमाचल में भाजपा को 49 प्रतिशत व कांग्रेस को 38 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। 

 

 

 

 

 

 

 

 

Advertising