‘वन राइड, वन नेशन’ ने कारगिल शहीदों को दिया खास सैल्यूट, 390 फुट का लहराया तिरंगा
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 07:53 PM (IST)
नई दिल्ली: देशभक्ति और शौर्य की एक अनुपम मिसाल पेश करते हुए ‘वन राइड वन नेशन’ अभियान ने कारगिल युद्ध के शहीदों को यादगार श्रद्धांजलि दी है। इस अभियान के तहत राइडर्स ने उमलिंग ला (दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास) पर 390 फुट लंबा विशाल तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया। 14 जुलाई को शुरू हुए इस 13 दिवसीय अभियान रविवार को कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर पूरा हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टीम का भव्य स्वागत किया।
“एक राइड, एक देश, एक सलाम”
“शौर्य विजय यात्रा” नाम से मशहूर इस अभियान का मोटो था “एक राइड, एक देश, एक सलाम”। दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुए इस सफर में करीब 30 राइडर्स शामिल थे, जिनमें भारतीय सेना के वर्तमान और सेवानिवृत्त जवान शामिल थे। राइडर्स ने अपने साथ नेशनल वॉर मेमोरियल की पवित्र मिट्टी भरा एक कलश भी लिया था। इस कलश को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपा गया, जिन्होंने इसे 8 माउंटेन डिवीजन को दिया। यह डिवीजन कारगिल में शहीद हुए वीर सपूतों की याद में द्रास वॉर मेमोरियल में इस मिट्टी को अर्पित करेगी।
रास्ते में दी गई श्रद्धांजलि
अभियान के दौरान राइडर्स ने श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल के गेट से गुजरते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने चंडीमंदिर वॉर मेमोरियल, रेजांग ला वॉर मेमोरियल, लेह वॉर मेमोरियल जैसे कई महत्वपूर्ण सैन्य स्मारकों पर भी बहादुर सैनिकों को नमन किया।राइडर्स ने वीर नारियों से मुलाकात की और उनके अटूट साहस व धैर्य की सराहना की। द्रास पहुंचकर उन्होंने कारगिल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री का भावुक बयान
दिल्ली में अभियान को हरी झंडी दिखाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था, “जब यहां (नेशनल वॉर मेमोरियल) की मिट्टी कारगिल (द्रास मेमोरियल) की मिट्टी के साथ मिलेगी, तो यह देश की मौजूदा पीढ़ी के सम्मान और हमारे वीरों की वीरता का सुंदर मिलन होगा।” यह अभियान 1999 के ऑपरेशन विजय के 27 साल पूरे होने के अवसर पर देश भर में चल रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था। राइडर्स ने उत्तर भारत के दुर्गम हिमालयी रास्तों को पार करते हुए उन वीर सैनिकों के साहस, संकल्प और सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया, जिन्होंने कारगिल की चोटियों पर विजय का परचम लहराया था।
Addressing the nation in the 136th episode of #MannKiBaat, PM @narendramodi paid tribute to the bravehearts of the Kargil War and lauded the Shaurya Vijay Yatra, organised from Delhi to Kargil, for carrying the inspiring message of 'One Ride, One Nation, One Salute.'… pic.twitter.com/mIpJJCfi14
— Ministry of Information and Broadcasting (@MIB_India) July 26, 2026
पीएम मोदी ने की थी ‘शौर्य विजय यात्रा’ की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ के प्रेरणादायक संदेश को लेकर दिल्ली से कारगिल तक निकाली गई ‘शौर्य विजय यात्रा’ की खुलकर तारीफ की थी।
