बेंगलुरु में सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में धमाका, 2 लोग घायल
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 07:21 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कर्नाटक के बेंगलुरु में एक ई-कॉमर्स कंपनी के कार्यालय के बाहर फुटपाथ पर लगा ट्रांसफॉर्मर बुधवार को फटने से एक राहगीर घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना येलहंका ओल्ड टाउन थाना क्षेत्र में बागलुर क्रॉस के पास कंपनी के कार्यालय के गेट नंबर तीन के बाहर हुई। घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अफरोज के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी संभाग) मिथुन कुमार ने बताया कि अफरोज सुरक्षित है और फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। एक वाहन के 'डैशकैम' में कैद दृश्यों में दिखा कि ट्रांसफॉर्मर फटने के समय लोग वहां से गुजर रहे थे। फुटपाथ पर चल रहा अफरोज ट्रांसफॉर्मर फटने के बाद गिर गया, जबकि उसके ठीक पीछे चल रही एक महिला बाल-बाल बच गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी अरुण जी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि उनके डैशकैम में पूरी घटना कैद हो गई। उन्होंने कहा कि बड़ी भीड़ जमा होने के कारण वह कार से बाहर नहीं निकल सके और उनके बच्चे भी कार में थे। पुलिस ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर फटने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
