कर्नाटक सरकार गिरने पर बोली प्रियंका गांधी-एक दिन BJP को पता चलेगा, सब कुछ खरीदा नहीं जा सकता

Wednesday, Jul 24, 2019 - 01:29 PM (IST)

नई दिल्ली: कर्नाटक विधानसभा में एचडी कुमारस्वामी नीत गठबंधन सरकार गिरने पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर संस्थाओं और लोकतंत्र को व्यवस्थित ढंग से कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक दिन भाजपा को यह पता चलेगा कि सब कुछ नहीं खरीदा जा सकता, हर किसी के पीछे नहीं पड़ा जा सकता और हर झूठ आखिरकार बेनकाब होता है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा को एक दिन एहसास होगा कि हर चीज को ख़रीदा नहीं जा सकता है और न ही डराकर हासिल किया जा सकता है। हर झूठ का एक दिन पर्दाफाश हो जाएगा।

वहीं इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिरने पर निराशा जताते हुए कहा है कि वहां लोकतंत्र की हार और लालच की जीत हुई है। राहुल ने देर रात ट्वीट किया ‘‘पहले दिन से ही कर्नाटक की कांग्रेस-जनता दल-(सेक्युलर) सरकार को भीतर और बाहर के उन लोगो ने निजी स्वार्थ के लिए निशाना बनाया है जिनके सत्ता की राह में यह गठबंधन बाधक नज़र आ रहा था। आज उनका स्वार्थ जीत गया।

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) की सरकार मंगलवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में विफल रही और सरकार गिर गई। इसी के साथ राज्य में करीब तीन हफ्ते से चल रहे राजनीतिक नाटक का भी फिलहाल के लिए अंत हुआ।

Seema Sharma

Advertising