बंगाल में CM के नाम पर सस्पेंस के बीच BJP सांसद ने किया बड़ा खुलासा, तेज हुई हलचल
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 02:44 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल का नया सीएम कौन होगा सबकी निगाहें इसी पर टिकी हुआ हैं। हालांकि पहली बार राज्य में BJP की सरकार बनने जा रही है, ऐसे में सीएम की कुर्सी पर कौन बैठेगा इसको लेकर सभी काफी उत्सुक हैं। इस बीच, बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो के एक बयान ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। महतो ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि अगले 24 घंटों के भीतर बंगाल में एक 'नया सूर्योदय' होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल के इतिहास में यह पहली बार होगा जब कोई 'हिंदू हृदय सम्राट' सीएम के रूप में शपथ लेंगे। उनके इस बयान को राज्य की भावी राजनीति की दिशा के तौर पर देखा जा रहा है।

तुष्टीकरण की राजनीति पर किया कड़ा प्रहार
महतो ने TMC सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में केवल 'तुष्टीकरण' का खेल खेला गया। सांसद के अनुसार, एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए बंगाल की बहुसंख्यक आबादी के हितों के साथ समझौता किया गया। इसी के उन्होंने TMC शासन की तुलना पाकिस्तान के हालात से करते हुए कहा कि राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हुआ है और अब जनता को इस 'दमनकारी' शासन से मुक्ति मिलेगी।

आज शाम होगा फैसला
मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं। आज शाम 4 बजे बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक होनी है, जिसमें शाह बतौर पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। इस बैठक के बाद आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जा सकती है।
