प्रदेश में 40 डॉक्टर्स होंगे एक साथ बर्खास्त, जानिए क्या है मामला

Monday, Jun 04, 2018 - 03:32 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। विभाग ने कड़ी मेहनत के बाद ऐसे डॉक्टर्स की लिस्ट तैयार की है, जो या तो लंबे समय से ड्यूटी से गायब हैं या फिर रजिस्टर पर नाम दर्ज कर गायब हो जाते हैं। इन डॉक्टर्स की लिस्ट तैयार करने के बाद, इन्हें बर्खास्त करने की तैयारी चल रही है। प्रदेश में ऐसा पहली बार होगा जब, 40 डॉक्टर्स को एक साथ बर्खास्त किया जाएगा। 

पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य विभाग पर लाचार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और डॉक्टर्स की कमी के आरोप लगते आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आ रही शिकायतों पर गौर करते हुए 3 महीने तक कड़ी मशक्कत की और 100 से अधिक ऐसे डॉक्टर्स का रिकॉर्ड तैयार किया, जो काफी समय से ड्यूटी से गायब थे। 

ऐसे डॉक्टरों की सूची तैयार कर इन सभी को नोटिस भेज दिया गया। नोटिस मिलने के बाद कुछ डॉक्टर्स तुरंत ड्यूटी पर लौट आए लेकिन, कुछ डॉक्टर्स ने न तो नोटिस का जबाव दिया है और न ही नौकरी पर वापस आए। ऐसे मे प्रबंधन ने इन्हें बर्खास्त करने का फैसला लिया है।

suman

Advertising