​​​​​​​महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ रहे ओमिक्रॉन के केस, 198 नए मामले, कुल संख्या पहुंची 450

Thursday, Dec 30, 2021 - 09:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने तेजी के साथ अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। आज गुरूवार को राज्य में ओमिक्रॉन के कुल 198 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ ओमिक्रॉन से संक्रमितों लोगों की संख्या 450 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इस बात की जानकारी दी है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस और ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। 

इसी के साथ महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 5338 हो गई है, जिसमें मुंबई में 3928, ठाणे में 864 और पुणे में 520 हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र खासकर मुंबई में बढ़ते कोरोना मरीजों को लेकर स्वास्थ्य विभाग बेहद चिंतित है। मुंबई में कोरोना संक्रमितों की दर कल के चार फीसदी के मुकाबले 8.5 फीसदी हो गयी है। 

आज की बैठक स्थगित
कोरोना के मरीजों में वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के समक्ष सारी जानकारी रखी जायेगी, उसके बाद आगे की कारर्वाई तय की जाएगी। तकनीकी कारणों से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की टास्क फोर्स और चिकित्सा विशेषज्ञता और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ आज की बैठक स्थगित कर दी गई। विधानसभा सदस्य राधाकृष्ण विखे-पाटिल, हर्षवर्धन पाटिल, सांसद सुप्रिया सुले और उनके पति कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बॉलीवुड की अभिनेत्री नोरा फतेही भी कोरोना पॉजिटिव पायी गयी।

मुंबई में धारा 144 लागू
महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में एक बार फिर से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार कई सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की राजधानी मुंबई में धारा 144 लागू कर दी है। गुरुवार से लेकर 7 जनवरी तक मुंबई में धारा 144 लागू रहेगी। 

 

rajesh kumar

Advertising