ऑफ द रिकार्ड: कौन होगा अगला प्रधानमंत्री?

Sunday, Jan 13, 2019 - 05:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में इस बात को लेकर अटकलें जोरों पर हैं कि मई-2019 में लोकसभा चुनावों के बाद अगला प्रधानमंत्री कौन होगा? ये अटकलें आर.एस.एस. और भाजपा के उच्च नेतृत्व के आंतरिक मूल्यांकन में सामने आई हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी चुनावों में 200 से अधिक सीटें नहीं प्राप्त कर सकती। यह वास्तविकता भाजपा के मुकाबले आर.एस.एस. को अधिक परेशान कर रही है क्योंकि इसके स्वयंसेवक देश भर में फैले हुए हैं। 

आर.एस.एस. वर्करों से मिली फीडबैक के आधार पर संघ नेतृत्व का ठोस विचार है कि भाजपा अपने बल पर 200 से अधिक सीटें प्राप्त नहीं कर सकती। आर.एस. एस. नेताओं ने जब भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के अन्य नेताओं के साथ यह राय सांझी की तो उन्होंने मोहन भागवत को बताया कि सरकार स्थिति में सुधार करने के लिए प्रयास कर रही है। शाह चाहते हैं कि 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश किए जाने के बाद एक बार फिर इस बारे में समीक्षा की जाए। 

आर.एस.एस. इस बात से भी अवगत है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ निजी संबंधों के कारण एक के बाद एक दल अलग हो रहे हैं। मोदी और अमित शाह के हठ के खिलाफ भाजपा सांसदों में भी काफी रोष है।

भारी संख्या में भाजपा नेताओं ने आर.एस.एस. प्रमुख से कहा है कि अधिक मैत्रीपूर्ण और स्वीकार्य नेता को आगे लाया जाए। इस तरह भाजपा में बदलाव की हवा चल रही है और अटकलें तेज हैं कि प्रधानमंत्री कौन होगा?

shukdev

Advertising