ऑफ द रिकॉर्डः हरियाणा-दिल्ली कांग्रेस में बदलाव की अटकलें

Sunday, Jul 14, 2019 - 05:19 AM (IST)

 नेशनल डेस्कः अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के नए अंतरिम अध्यक्ष के बारे में अभी फैसला नहीं लिया गया मगर यह बात स्पष्ट होकर उभर रही है कि राहुल गांधी ही संगठन को चलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। 

हाल ही में उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ सदस्यों को स्पष्ट संकेत दिया है कि वयोवृद्ध नेता शीला दीक्षित के लोकसभा चुनावों में मिली हार के संबंध में उन द्वारा दिए गए इस्तीफे के बाद अब उनकी छुट्टी हो जाएगी। अब अजय माकन का दिल्ली यूनिट का नया प्रधान बनना तय है। माकन इस वर्ष मई में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा की मीनाक्षी लेखी के हाथों पराजित हुए थे।

राष्ट्रीय राजधानी में आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में यह परिवर्तन महत्वपूर्ण होगा। माकन लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन चाहते थे मगर शीला दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल के साथ किसी भी वार्ता का विरोध किया था। लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद शीला दीक्षित अब पार्टी में इसी पद पर बने रहने का दावा नहीं कर सकतीं। उनके पुत्र संदीप दीक्षित के केजरीवाल के साथ निकटतम संबंध हैं और उनके विधानसभा चुनाव लडऩे की संभावना है। कांग्रेस में केजरीवाल विरोधी लॉबी विफल रही है। अब ‘आप’ समर्थक लॉबी वापस मंच पर आ गई है। 

उल्लेखनीय है कि राहुल भी लोकसभा चुनावों के दौरान ‘आप’ के साथ सीटों के तालमेल के खिलाफ नहीं थे। इसी तरह हरियाणा में भी कांग्रेस पार्टी में बदलाव की अटकलें जोरों पर हैं। यद्यपि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अशोक तंवर ने पार्टी की अपमानजनक हार के बाद इस्तीफा देने से इन्कार कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि तंवर के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। इस बात में कोई संदेह नहीं कि उन्हें अजय माकन का समर्थन प्राप्त है जो उनके साथ हमेशा रहे हैं और इसके अलावा वह हुड्डा विरोधी लॉबी के सदस्यों में भी हैं मगर राज्य में पार्टी की दयनीय स्थिति के मद्देनजर बदलाव सन्निकट है। 

कुमारी शैलजा बेशक भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के खिलाफ थीं परंतु अब उन्होंने भी अपना स्टैंड नरम कर रखा है। कैप्टन अजय यादव को छोड़कर अधिकांश नेता चाहते हैं कि हरियाणा कांग्रेस संगठन का पुनर्गठन किया जाए क्योंकि विधानसभा के चुनावों की घोषणा होने में अब केवल डेढ़ महीने का समय बाकी बचा है।

Pardeep

Advertising