ऑफ द रिकॉर्डः राहुल चिल्ला रहे हैं, प्रियंका चुप

Thursday, Mar 07, 2019 - 05:14 AM (IST)

नेशनल डेस्कः अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चारों तरफ से हमले बोल रहे हैं तो उनकी बहन व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी एकदम चुप हैं।

3 सप्ताह पूर्व प्रियंका ने उस समय अपना दबदबा दिखाया था जब वह उत्तर प्रदेश गई थीं और 2 दिन तक टी.वी. न्यूज पर छाई रही थीं, यहां तक कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने अपनी नवनियुक्त राज्य प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया में आशा की एक किरण देखी थी मगर अब लगभग एक महीने से पार्टी वर्कर इस बात को लेकर चिंतित हैं कि प्रियंका कहां हैं।

उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के पार्टी वर्करों के प्रति लापरवाहीपूर्ण रवैये के विपरीत प्रियंका पार्टी के जमीनी वर्करों की चिंताओं और राय को समझ रही हैं मगर वह ड्राइंग रूम तक ही सीमित हैं और वर्करों को दिखाई नहीं दीं। भारी शोर-शराबे के बीच अपने लखनऊ दौरे के बाद प्रियंका के पूर्वी उत्तर प्रदेश में जाने की आशा थी और मतदाताओं और पार्टी सदस्यों से बातचीत करने का कार्यक्रम था।

पुलवामा हमले के मद्देनजर 14 फरवरी को अपनी प्रैस कॉन्फ्रैंस रद्द करने के बाद प्रियंका पूरी तरह चुप हैं। विभिन्न जिलों का 2 दिन तक दौरा करने की उनकी योजना भी रद्द हो गई। वह राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर के साथ पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों से मिली थीं। उसके बाद प्रियंका अब तक एक भी शब्द नहीं बोलीं। नेता इस बात को लेकर चिंतित हैं और जमीनी स्तर पर परिस्थितियां बदल रही हैं।

राहुल गांधी और पार्टी नेताओं द्वारा एयर स्ट्राइक पर मोदी के खिलाफ दिए जा रहे बयानों से पार्टी को कोई अधिक लाभ नहीं मिल रहा। लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय खाली है और शांत दिखाई देता है और कभी-कभार राज बब्बर व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद वहां आते हैं। अब चर्चा यह है कि प्रियंका ने उन 3 सचिवों को सारा काम सौंप दिया है जो पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए उनके साथ लगाए गए हैं। मालूम हुआ है कि प्रियंका गांधी एयर स्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी के बयानों से खुद को सुखद महसूस नहीं कर रही हैं। कांग्रेसी प्रवक्ता सर्जिकल स्ट्राइक-2 को लेकर मोदी पर तीखे हमले कर रहे हैं और प्रियंका सोचती हैं कि अब इस नीति में बदलाव की जरूरत है।

Pardeep

Advertising