ओडिशा: मगरमच्छ से 10 मिनट तक मुकाबला करता रहा किशोर, ऐसे बचाई खुद की जान

Tuesday, May 31, 2022 - 06:35 AM (IST)

केंद्रपाड़ाः ओडिशा में केंद्रपाड़ा जिले के एक गांव में 14 वर्षीय लड़के पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, हालांकि, उसने बहादुरी दिखाते हुए करीब 10 मिनट तक मगरमच्छ का मुकबला किया और आखिरकार जान बचाने में सफल रहा। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, ओम प्रकाश साहू अपने दोस्तों के साथ पट्टामुंडई थाना क्षेत्र के अराजी गांव के पास कानी नदी में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक पहुंचा सात फीट लंबा मगरमच्छ उसे खींचने लगा लेकिन साहू ने बहादुरी दिखाते हुए संघर्ष किया और अपनी जान बचा ली। 

साहू ने मगरमच्छ के माथे और आंख पर मारा घूंसा
हमला इतना अचानक हुआ कि साहू को समझने का मौका नहीं मिला और जैसे ही मगरमच्छ उस पर झपटा साहू ने उसके माथे और आंख पर घूंसा मारा। साहू के एक रिश्तेदार ने कहा कि मगरमच्छ पर मारे गए घूसों का लाभ मिला क्योंकि मगरमच्छ ने लड़के को अपनी पकड़ से मुक्त कर दिया। साहू को पहले केंद्रपाड़ा के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

Pardeep

Advertising