ओडिशा : लैंडमाइन ब्लास्ट में 8 पुलिसकर्मी शहीद

Thursday, Feb 02, 2017 - 08:41 AM (IST)

रायपुर : ओडिशा के कोरापुट जिले के सुनकी के पास बुधवार को नक्सलियों द्वारा किए गए लैंडमाइन ब्लास्ट में ओडिशा राज्य के सशस्त्र बल के 8 जवान शहीद हो गए। वहीं कई जवान घायल हुए, जिनमें 3 गंभीर हैं। कोरापुट के पुलिस अधीक्षक चरणसिंह मीणा ने बताया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-26 पर सुनकी क्षेत्र में मुंगाभूमि गांव के पास ओडिशा-आंध्रप्रदेश की सीमा पर यह वारदात हुई। ओडिशा सशस्त्र बल के जवान जिस बस में सवार थे, विस्फोट से उसके परखच्चे उड़ गए हैं। जवान कोरापुट से अंगुल जिला ड्राइवरी के प्रशिक्षण के लिए जा रहे थे।

जिस स्थान पर ब्लास्ट हुआ है, वह सुनकी से करीब 2 किमी दूर है। सुनकी में बीएसएफ का कैंप है और वहां से घटनास्थल तक किसी प्रकार की फौरी राहत एक घंटे तक नहीं पहुंची। पोटांगी पुलिस स्टेशन और आंध्रप्रदेश के जवान बीएसएफ के जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे। गंभीर घायलों को कोरापुट जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गौरतलब है कि ओडि़शा में पंचायत चुनाव 2 सप्ताह बाद होने वाले हैं, जिनका मलकानगिरी जिले में नक्सलियों ने बहिष्कार का आह्वान किया हुआ है। 

Advertising