अशोक स्तंभ की जगह अब राष्ट्रपति की कार पर लगेगी नंबर प्लेट, ये है वजह

Tuesday, Jan 09, 2018 - 11:52 AM (IST)

नई दिल्लीः देश में राष्ट्रपति का सर्वोच्च पद होता है और उनकी सुरक्षा के इंतजाम भी सर्वोच्च ही होते हैं। उनके घर से लेकर कार तक की कड़ी निगरानी होती है। राष्ट्रपति की कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी होती है, इसकी जगह अशोक स्तंभ लगा होता है, लेकिन अब यह परंपरा बदलने जा रही है। राष्ट्रपति की कार पर भी अब रजिस्ट्रेशन नंबर लिखना होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय परिवहन मंत्रालय के अनुसार सभी कारों पर रजिस्ट्रेशन नंबर होना आवश्यक है और उच्च संवैधानिक पद पर बैठे लोगों की कार पर भी रजिस्ट्रेशन नंबर आवश्यक होगा, जिसमें देश के राष्ट्रपति भी शामिल हैं। मंत्रालय ने पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने मोटर व्हीकल एक्ट 1988 में किए गए संशोधनों के चलते ऐसे निर्देश दिए हैं।


राष्ट्रपति की कार के सुरक्षा फीचर्स
-राष्ट्रपति की कार विशेष तकनीकों के साथ बनाई जाती है। वे काले रंग की मर्सिडीज-बेंज एस क्लास (ए600) में सफर करते हैं।

-उनकी कार भारी सुरक्षा उपकरणों से लैस होती है, इसमें उच्चतम संरक्षण वर्ग BR7 स्तर की सुरक्षा व्यवस्था होती है।

-उनके काफिले में कई और कारें भी होती हैं। उनको बॉडी गार्ड्स की ओर से सुरक्षा दी जाती है।

-राष्ट्रपति की कार सुरक्षा के लिहाज से इतनी आधुनिक होती है कि ये 44 कैलिबर की हैंडगंस, मिलिट्री राइफल शॉट्स तक को झेल सकती है।

-बम और मिसाइल से हमला होने पर भी कार राष्ट्रपति की सुरक्षा करती है, इसमें कांच के साथ अन्य पार्ट्स भी बुलेटप्रूफ होते हैं। इतना ही नहीं कार का टायर फट जाने पर भी यह कई किलोमीटर तक चल सकती है।

Advertising