अब चक्रवाती तूफान 'शाहीन' का खतरा, इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना...अलर्ट जारी

Friday, Oct 01, 2021 - 04:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार सुबह चक्रवाती तूफान ‘शाहीन' में तब्दील हो गया और शाम तक इसके ‘गंभीर चक्रवाती तूफान' में परिवर्तित होने की संभावना है। भारत के मौसम विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। IMD के चक्रवात चेतावनी प्रकोष्ठ ने बताया कि यह तूफान प्रणाली भारतीय तट से दूर जा रही है। IMD ने बताया कि पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर बना चक्रवाती तूफान शाहीन 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम- उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और उत्तरी अरब सागर के मध्य हिस्से में यह पहुंच रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 12 घंटे में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर पश्चिम-उत्तर पश्चिम में बढ़ने और अगले 36 घंटे में मकरान तट (पाकिस्तान) से टकराने की संभावना है। इसके बाद यह दोबारा पश्चिम- दक्षिण पश्चिम की ओर मुड़ जाएगा और ओमान की खाड़ी में ओमान तट की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा।'' चक्रवाती तूफान शाहीन, चक्रवाती तूफान गुलाब के अवशेषों से बना है, जो 26 सितंबर को पूर्वी तट से टकराया था।

चक्रवाती तूफान की गति मध्य भारत में जाने के दौरान कम हो गई थी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात से गुजरते हुए यह अरब सागर में दाखिल हुआ और मजबूत होकर शुक्रवार को चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। यह दुर्लभ घटना है, जब बंगाल की खाड़ी में उठा एक चक्रवात देश के एक हिस्से को पार कर पश्चिमी तट पर पहुंचा है और फिर से तूफान में तब्दील हो गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग की बुलेटिन के अनुसार चक्रवाती तूफान का असर बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात में देखने को मिल सकता है और इन राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है।

Seema Sharma

Advertising